चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब रात 2:30 बजे हुआ। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए।
हुक निकलने से अनियंत्रित हुई ट्रॉली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट थाना क्षेत्र के ग्राम जीही निवासी ज्ञानेंद्र सिंह पटेल अपने परिवार और अन्य लोगों के साथ निजी ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट दर्शन करने आए थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे।
दर्शन के बाद वापस लौटते समय रामनगर के समीप ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक (गुल्ला) निकल गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कई यात्री ट्रॉली के नीचे दब गए।
चार लोगों की मौत, 12 घायल
घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112, रैपुरा थाना पुलिस और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मऊ पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने दो पुरुषों और दो बच्चों समेत कुल चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें सात की हालत गंभीर और पांच को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
स्रोत: जिलाधिकारी चित्रकूट की आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट (X)।
